वंदेमातरम स्कूल के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण पर हुई बौद्धिक परिचर्चा

 वंदेमातरम स्कूल के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण पर हुई बौद्धिक परिचर्चा


◆ परिचर्चा में जनप्रतिनिधि, शिक्षक,भूतपूर्व सैनिक संघ के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार हुए शामिल।


मिशन क्रांति न्यूज. जांजगीर-चाम्पा। नवागढ़ ब्लाक के ग्राम पंचायत बरबसपुर में वंदे मातरम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागढ. के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर में पंचम दिवस स्वास्थ्य जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण पर बौद्धिक परिचर्चा हुई। शिविर के बौद्धिक परिचर्चा में अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योति किशन कश्यप, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागढ़ के ब्याख्याता लकेश साहू, ग्राम पंचायत बरबसपुर के सरपंच श्रीमती रामकली पटेल, जांजगीर के वरिष्ठ पत्रकार अश्वनी सिंह, वरिष्ठ पत्रकार डायमंड शुक्ला, चंद्र कुमार देवांगन भूतपूर्व सैनिक संघ जांजगीर के संयोजक रोहित सारथी, भूतपूर्व सैनिक संघ के सचिव असीम धर दीवान, भूतपूर्व सैनिक संघ के मीडिया प्रभारी आरके पांडे, भूतपूर्व सैनिक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एके तिवारी उपस्थित रहे।


बौद्धिक परिचर्चा में उपस्थित अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर प्रकाश डाला। पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योति किशन कश्यप ने अपने उद्बोधन में महिला सशक्तिकरण के बारे में कहा कि महिलाओं को जागरूक होने की जरूरत है जिसमें शिक्षा की अहम भूमिका है समाज में आज महिलाओं को आत्म निर्भर होने की जरूरत है। ज्यादातर महिलाएं संकोच और लज्जावश अपनी प्रतिभाओं को उजागर नहीं कर पाती। परिवार और समाज का भी दायित्व है कि महिलाओं का सम्मान करते हुए उनकी छिपी प्रतिभा को सामने रखने उन्हें अवसर प्रदान करें। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागढ़ के ब्याख्याता लकेश साहू ने स्वास्थ्य जागरूकता पर बहुत कम शब्दों में ही छात्रों को स्वस्थ रहने संतुलित और पौष्टिक आहार लेने के साथ ही स्वस्थतता के कई गुर सिखाए। श्री साहू ने राष्ट्रीय सेवा योजना के बारे में प्रकाश डालते हुए छात्रों को शिविर के महत्व समझाए। जांजगीर के वरिष्ठ पत्रकार अश्वनी सिंह ने स्वास्थ्य जागरूकता पर परिचर्चा के दौरान "मन चंगा तो कठौती में गंगा" वाक्य के जरिए संक्षिप्त एवं सार बातें कही। श्री सिंह ने स्वस्थ रहने छात्रों को स्वच्छ एवं साफ रखने की नसीहत दी। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर कहा कि महिलाएं सशक्त हुई हैं जो आज घर के दहलीज पार कर निकलकर सभी क्षेत्रों में अपनी सहभागिता निभा रही हैं। पत्रकार डायमंड शुक्ला ने स्वास्थ्य जागरूकता के बारे में कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है इसलिए खुद के स्वास्थ्य की देखभाल हम सबकी जिम्मेदारी है। घर सहित आसपास की सफाई जरूरी है स्वच्छ वातावरण में संक्रमण का खतरा कम रहता है। स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। जीवन में स्वस्थ रहने संयमित ढंग से खानपान हो। पत्रकार श्री शुक्ला ने महिला सशक्तीकरण पर कहा कि महिलाएं आज घर परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए हर क्षेत्रों में योगदान दे रही हैं राजनीति के अलावा सरकारी नौकरी करते हुए प्रशासनिक सेवाएं भी दे रही हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं समूह बनाकर स्वरोजगार के माध्यम से आत्म निर्भर हो रही हैं। इसके बाद शिविर में "देश सर्वोपरि है" विषय पर भूतपूर्व सैनिक संघ के सभी अतिथिगणों ने देश के गौरव तथा उनके मान-सम्मान इन सभी विषयों पर छात्रों का मार्गदर्शन किया और देश के प्रति आत्मविश्वास को और बढ़ाया तथा देशप्रेम के प्रति सबको प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हम सब भी देश की सेवा कर सकते हैं तथा किसी भी स्थिति में चाहे विपरीत परिस्थिति हो या कुछ भी हो हम हमेशा देश के लिए अपनी जान दे सकते हैं तथा हमें हमारे देश पर हमेशा गर्व होना चाहिए और देशभक्ति केवल सैनिक ही नहीं बल्कि सभी नागरिक कर सकते हैं। मंच संचालन एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पुष्पा साहू ने किया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक राकेश कुमार मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अपराध का गढ़ बन रहा छत्तीसगढ़ - चंदेल

जांजगीर में सुपर मार्केट की तर्ज पर खुला देशी सी-मार्ट